अनूपपुर जंक्शन पर मूलभूत सुविधाओं का आभाव

अमृत भारत एवं गति शक्ति यूनिट के कार्यों में यात्रियों की सुविधा को किया गया दरकिनार

एशियन रिपोर्टर के लिए शहडोल से जुगुल मिश्रा की रिपोर्ट               

अनूपपुर । शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद हिमाद्री सिंह के प्रयासों से उनके संसदीय क्षेत्र में चार स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नया रूप दिया जा रहा है। जिसमें अनूपपुर सहित बिजुरी, शहडोल एवं उमरिया शामिल है। सांसद हिमाद्री सिंह ने स्वयं रेलवे के अधिकारियों के साथ कार्यों का निरीक्षण भी किया एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित भी किया। लेकिन उसके बावजूद भी कार्यों को अमली जामा पहनाया नहीं गया। जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

अनूपपुर जंक्शन स्टेशन पर बड़ी-बड़ी दीवारों को रंग रोगन कर सजा तो दिया गया है। नक्शा भी अनूपपुर जंक्शन स्टेशन का बदल गया है। लेकिन महत्वपूर्ण कार्यों को दरकिनार कर दिया गया है। स्वयं बिलासपुर रेल मंडल प्रबंधक नें आम जनमानस की समस्याओं को गंभीरता से लिया था। लेकिन उसके बावजूद भी स्टेशन के बाहर आज तक सुलभ शौचालय निर्माण की दिशा में कोई कार्य नहीं हो सका।


स्नानागार का बोर्ड लगाया, शुल्क भी निर्धारित लेकिन सुविधा नदारत      

अनूपपुर जंक्शन स्टेशन के अंदर वेटिंग हॉल का रेनोवेशन अनारक्षित एवं आरक्षित श्रेणी के लोगों का कर तो दिया गया। सशुल्क प्रतीक्षालय का निर्माण भी करा दिया गया है। लेकिन स्नानागार की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है। यहां तक की रेलवे के इंजीनियर स्नानागार का बोर्ड जरूर लगा दिए हैं उसका शुल्क भी निर्धारित कर दिए हैं, लेकिन वहां पर स्नानागार का नाम ही नहीं है। जब वहां उपस्थित व्यक्ति से पूछा गया तो कहा कि कोई भी आता है लेकिन सुविधा नहीं है तो वह बेसिंग से ही पानी लेकर वहीं नहाने लगता है। जिससे गंदगी हो जाती है। लेकिन रेलवे के संबंधित अधिकारियों को इससे कोई लेना देना नहीं। 

जब रेलवे के आईओडब्लू ने ट्विटर में रेल मंत्रालय द्वारा बिलासपुर रेल मंडल को निर्देशित किया गया तो उन्होंने जवाब दे दिया की डॉरमेट्री और रिटायरिंग रूम में सुविधाएँ उपलब्ध हैं। लेकिन वहां पर सुविधा उपलब्ध के लिए लिखा गया है शुल्क निर्धारित किया गया है लेकिन स्नानागार बनाना ही भूल गए और अगर देखा जाए तो केवल आरक्षित श्रेणी वाले जो ऑनलाइन बुकिंग करते हैं उनको केवल डॉरमेट्री और रिटायरिंग रूम में सुविधाएँ मिल पाती हैं। लेकिन देखा जा सकता है कि वहां पर हमेशा ताला ही लगा रहता है और ना ही किसी तरह का बोर्ड लगाया गया है। जिससे आम यात्री को पता चल सके कि अनूपपुर जंक्शन स्टेशन पर डॉरमेट्री और रिटायरिंग रूम की सुविधा किस स्थान पर है।

      जंक्शन स्टेशन होने के कारण हजारों यात्रियों का आना-जाना लगा रहता है। गर्मी के मौसम में खास कर लंबी दूरी से आने वाले यात्री पैसा देकर भी नहाने की सुविधा प्राप्त नहीं कर पा रहे। जबकि वहां पर बोर्ड में स्नानागार की सुविधा भी लिखा हुआ है। लेकिन रेलवे के अधिकारी उसके इंजीनियर वह जगह नहीं दिखा पा रहे और ना ही बोर्ड को चेंज करवा पा रहे। 

    

आवश्यकता है कि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी स्नानागार की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सशुल्क देने वाले यात्रियों को सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था करें या फिर जो बोर्ड लगा हुआ है उसे चेंज कर दें एवं सशुल्क वाले में जो यात्री बेसिंग से पानी लेकर गंदगी करते हुए नहा रहा है उस पर रोक लगाई जाए। जिससे गंदगी से बचा जा सके।


Post a Comment

0 Comments