3 एकड़ गेहूं की फसल खेतों
में पड़ा भूसा एवं कृषि उपकरण जलकर खाक
माधो सिंह दांगी
एशियन रिपोर्टर भोपाल । जिले की तहसील बैरसिया के नजीराबाद क्षेत्र के
ग्राम गढ़ा से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां अचानक लगी भीषण आग ने किसानों की सालभर की मेहनत को कुछ ही
घंटों में राख में बदल दिया। दोपहर के समय लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप
ले लिया और लगभग 3 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह
जलकर नष्ट हो गई। ग्राम के निवासी एवं कांग्रेस नेता यशपाल सोलंकी ने जानकारी देते
हुए बताया कि आग उस समय लगी जब अधिकांश किसान खेतों पर मौजूद नहीं थे। जैसे ही
ग्रामीणों को आग की सूचना मिली, पूरे
गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग तुरंत खेतों की ओर दौड़े। घटना की सूचना तत्काल
बैरसिया नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके
बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। लेकिन तब
तक बहुत देर हो चुकी थी लगभग 3
एकड़ फसल जल चुकी थी।
किसानों का हुआ भारी नुक्सान
तीन
एकड़ की खड़ी फसल को तबाह करने के साथ ही आग की चपेट में खेतों पर बने कई मकान भी आ
गए, जिनमें रखा भूसा, कृषि उपकरण और अन्य सामान भी पूरी तरह
जलकर नष्ट हो गया। इस घटना ने न केवल किसानों की आजीविका को प्रभावित किया है, बल्कि उन्हें गहरे आर्थिक संकट में भी
धकेल दिया है।
किसानों को जल्द राहत देने की मांग
किसानों की पीड़ा को उठाते हुए कांग्रेस नेता यशपाल सोलंकी ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि तत्काल नुकसान का सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा एवं राहत प्रदान की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द राहत नहीं दी गई तो किसानों की स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। यह घटना प्रशासन के लिए एक गंभीर चेतावनी है — अब समय है कि किसानों की पुकार सुनी जाए और त्वरित कार्रवाई की जाए।


0 Comments